Headlines

चंपावत सरस कॉर्बेट महोत्सव 2026: लोहाघाट से टनकपुर तक आईटीबीपी और स्थानीय युवाओं की डाउनहिल साइकिल रैली का आयोजन

खबर शेयर करें -

चंपावत में जिलाधिकारी मनीष कुमार की पहल पर आईटीबीपी और जिला प्रशासन ने मिलकर चंपावत सरस कॉर्बेट महोत्सव 2026 के तहत एक भव्य एडवेंचर स्पोर्ट्स इवेंट आयोजित किया। आज शनिवार को पर्यटन विभाग के सहयोग से लोहाघाट से टनकपुर तक डाउनहिल साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में आईटीबीपी के 15 जवानों के साथ-साथ पांच स्थानीय युवा भी शामिल हुए। रैली की शुरुआत लोहाघाट के छमनिया आईटीबीपी कैंप से आईटीबीपी कमांडेंट संजय कुमार और जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट ने हरी झंडी दिखाकर की और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी।

कमांडेंट संजय कुमार ने बताया कि इस रैली के माध्यम से स्थानीय युवाओं को एडवेंचर खेलों में भाग लेने और साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में एडवेंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए आईटीबीपी हर प्रकार का सहयोग देगी। जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट ने बताया कि महोत्सव के दौरान रिवर राफ्टिंग, साइकिलिंग, पैरामोटरिंग, एंगलिंग और वर्ड वॉचिंग जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिससे पर्यटन और स्थानीय युवाओं की भागीदारी दोनों को बढ़ावा मिलेगा। यह महोत्सव चंपावत में साहसिक खेलों और पर्यटन को नई पहचान दिला रहा है।

साइकिल रैली का आगाज से साहसिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

उत्तराखंड के चंपावत जिले को साहसिक खेलों के केंद्र के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से आज लोहाघाट में डाउनहिल साइकिल रैली का भव्य शुभारंभ हुआ। यह रैली लोहाघाट से शुरू होकर टनकपुर स्टेडियम तक जाएगी। आयोजन के विवरण के अनुसार, कल विश्राम के बाद परसों चूका से खिरद्वारी के बीच एक रोमांचक ऑफ-रोड साइकिलिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। पर्यटन अधिकारियों का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से जिले में एडवेंचर टूरिज्म को नई पहचान मिलेगी।
प्रतियोगिता को लेकर प्रतिभागियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

खिलाड़ियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं, जिसके तहत मार्ग में छह विश्राम स्थल बनाए गए हैं और एंबुलेंस व पुलिस बल की तैनाती की गई है। कार्यक्रम के दौरान पर्यटन विभाग द्वारा आईटीबीपी (ITBP) के कमांडेंट को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी बेगराज मीणा, एसीजीडी जितेंद्र रावत, एसीएमओ शुभम मोहन सहित आईटीबीपी के हिमवीर और पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। यह आयोजन न केवल खेल भावना को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय पर्यटन के मानचित्र पर चंपावत की एक सशक्त उपस्थिति दर्ज कराएगा।