उत्तराखंड में आगामी चारधााम यात्रा को लेकर शासन से लेकर प्रशासनिक स्तर तक सभी तैयारियां अपने अंतिम चरण पर हैं। इस बार चारधाम यात्रा अप्रैल में शुरू हो रही है। 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के दिन गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे। 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुल रहे हैं। इसी क्रम में चारधाम यात्रा में बसों के नियमित संचालन के लिए गुरुवार को सर्व सम्मति से रोटेशन व्यवस्था का विधिवत गठन किया गया और गढ़वाल मोटर आनर्स यूनियन से जुड़े भास्करानंद भारद्वाज को समिति अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं संयुक्त रोटेशन समिति ने इस बार श्रद्धालुओं को बड़ी राहत दी है।
दरअसल, समिति ने इस बार यात्रा में बसों के किराये में कोई वृद्धि नहीं करने का फैसला लिया है, लिहाजा इस बार भी हरिद्वार से प्रति सीट 4450 और ऋषिकेश से 4250 रुपये किराया ही रहेगा। बैठक में तय किया गया कि उत्तराखंड में पंजीकृत सभी बसें रोटेशन व्यवस्था के तहत चारधाम यात्रा में संचालित की जाएंगी। संयुक्त रोटेशन की ओर से बसों को यात्रा में भेजने के लिए लाटरी निकाली जाती है, लाटरी में निकले नंबर के आधार पर वाहन भेजे जाते हैं।
