महाराष्ट्र के वरिष्ठ राजनेता अजित पवार के निधन से संपूर्ण राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजनेता अजित पवार के निधन पर गहन शोक प्रकट किया है, उन्होंने कहा कि अजित पवार के साथ उनका व्यक्तिगत परिचय रहा और कई अवसरों पर उनसे मुलाकात भी हुई। अजित सरल स्वभाव के व्यक्ति थे, जो आम लोगों के बीच रहकर सेवा भाव से काम करते थे।
मुख्यमंत्री धामी ने उनके जन-समर्पित और लंबे राजनीतिक जीवन को याद करते हुए कहा कि महाराष्ट्र राज्य के लिए उन्होंने विभिन्न पदों पर रहते हुए उल्लेखनीय सेवाएं दीं। उनका जाना न केवल महाराष्ट्र बल्कि देश की राजनीति के लिए भी एक बड़ी क्षति है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों, समर्थकों व चाहने वालों को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करें।
