हल्द्वानी स्थित रामपुर रोड स्थित गन्ना सेंटर के पास बीते बुधवार को देर रात एक जबरदस्त सड़क हादसा हो गया। दरअसल, देर रात गन्ना सेंटर के पास एक कार और ट्रक की टक्कर के बाद ट्रक में भीषण आग लग गई, वहीं आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, गनिमत रही कि कार में सवार लोग बाल-बाल बच गए।
हादसे की सूचना प्राप्त होने के बाद मौके पर फायर कर्मी घटना स्थल पर पहुंचे और देखा कि जोरदार टक्कर के कारण ट्रक के स्टोरेज टैंक में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। हालांकि, फायर टीम ने तत्परता दिखाते हुए फोम टेंडर से होज पाइप और होज रील का प्रयोग कर आग पर काबू पाया और कुछ ही देर में आग को पूरी तरह बुझा दिया। आग बुझाने के दौरान ट्रक का पीछे वाला हिस्सा पूरा जलकर खाक हो गया है। वहीं इससे पूर्व ट्रक व कार की टक्कर से कार में सवार चार लोगों को हल्की-फुल्की चोटें आईं।
