उत्तराखंड में एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं दस्तक देने लगी हैं, प्रदेश में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं पर पूर्ण विराम लगाना शासन-प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। वहीं भाजपा सरकार लगातार मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, इस कड़ी में भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस तरह के आंकड़े सामने आ रहे हैं, लेकिन सरकार इस पूरे मामले को लेकर पूरी तरह गंभीर है और लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि निर्धारित समय में ही घर से बाहर निकलें और ग्रीन हार्वेस्ट या फसलों के अवशेष खुले में न फेंकें, क्योंकि उनकी सुगंध से जंगली जानवर आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
जन-सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक ने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा बरकरार रखने के लिए प्रतिबद्ध है, यही कारण भी है कि प्रदेश के संघर्षशील क्षेत्रों में जरूरत पड़ने पर बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूलों में छुट्टियां भी की जा रही हैं। प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक ने कहा कि सरकार इस समस्या से जल्द से जल्द निजात दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और प्रशासन, वन विभाग व स्थानीय स्तर पर समन्वय के साथ प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
