Headlines

हरिद्वार के सिडकुल में बुलडोजर से हटाए गए अवैध कब्जे, प्रशासन की अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

खबर शेयर करें -

हरिद्वार जिला प्रशासन और सिडकुल पुलिस ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिडकुल क्षेत्र के राजा बिस्कुट चौक और आसपास के इलाकों में अवैध कब्जों को हटाया। कार्रवाई के दौरान प्रशासन की टीम ने बुलडोजर चलाकर सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को साफ कराया। इस दौरान मौके पर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरे अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सका। प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा लगातार अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के खिलाफ आज कार्रवाई की गई, उन्हें पहले ही नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन तय समय के बावजूद उन्होंने निर्देशों का पालन नहीं किया। जिसके बाद प्रशासन को मजबूरन बुलडोजर कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने यह भी कहा कि आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी सूरत में सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।