जन-जन के द्वार सरकार कार्यक्रम के तहत बागेश्वर नगर के ऐतिहासिक नुमाइश मैदान में जिला प्रशासन और नगर पालिका बागेश्वर के संयुक्त तत्वावधान में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस जनता दरबार में नगर क्षेत्र से पहुँचे फरियादियों की समस्याओं को आकांक्षा कोंडे ने स्वयं सुना और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।मीडिया से बातचीत में जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने बताया कि जनता दरबार के दौरान कुल 30 शिकायतें प्राप्त हुई हैं।
इनमें अधिकांश शिकायतें बिजली, पानी, पेयजल व्यवस्था और नगर पालिका क्षेत्र के भागीरथी गधेरे में फैली गंदगी से संबंधित रहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को 15 दिनों की समय सीमा तय की गई है। वहीं बागेश्वर नगर में लंबे समय से चली आ रही वाहन पार्किंग की समस्या पर जिलाधिकारी ने कहा कि इसके समाधान के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया है। समिति की रिपोर्ट के आधार पर शीघ्र ही ठोस कदम उठाए जाएंगे, जिससे नगरवासियों को पार्किंग की समस्या से राहत मिल सकेगी। कुल मिलाकर, जनता दरबार के माध्यम से प्रशासन ने आम जनता की समस्याओं को सीधे सुनकर समाधान की दिशा में एक सकारात्मक पहल की है।
