उत्तराखंड में पहली बार महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार के क्षेत्र में राज्य सरकार ने एकल महिला स्वरोजगार योजना और नंदा गौरा योजना को लागू किया है। इस कड़ी में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने सचिवालय में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक करते हुए बताया कि इन योजनाओं की लाभार्थी महिलाओं को फरवरी के पहले सप्ताह में धनराशि वितरित करी जाएगी। मंत्री आर्य ने बताया कि नंदा गौरा योजना के तहत 11 जनपदों के लाभार्थियों की अंतिम सूची तैयार हो चुकी है, जिसमें 34,852 इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्राएं और 6,021 नवजात बालिकाएं शामिल हैं। शेष दो जनपदों की सूची भी जल्द अंतिम करने के निर्देश दिए गए हैं।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 1 लाख की सहायता
मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि एकल महिला स्वरोजगार योजना के अंतर्गत 504 पात्र महिलाओं की सूची फाइनल करी जा चुकी है, जिन्हें आगामी फरवरी माह के पहले सप्ताह में सहायता राशि दी जाएगी। हालांकि, अभी 2 जनपदों की 331 महिलाओं की सूची तैयार करने की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण पर है। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कल्याण कोष के तहत सेवा निवृत्त होने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को 1 अप्रैल से एक लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। बैठक में वृद्ध महिलाओं के लिए नई योजना पर भी चर्चा हुई, जिसमें गांव-गांव जाकर सर्वे के आधार पर योजना का स्वरूप तय करने के निर्देश दिए गए।
