Headlines

राजधानी देहरादून में चौकों के नाम बदलने पर सियासत तेज…कांग्रेस ने किया भाजपा का घेराव

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में नगर निगम द्वारा शहर के दो प्रमुख चौकों का नाम बदले जाने के फैसले पर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने भाजपा सरकार और नगर निगम पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार धरातल पर काम करने के बजाय केवल नाम बदलने की राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में कूड़ा उठान ठप है, स्ट्रीट लाइटें खराब हैं, नालियों की सफाई नहीं हो रही और स्मार्ट सिटी के नाम पर हजारों पेड़ काट दिए गए, जिससे देहरादून की स्थिति और बदतर हो गई है। कांग्रेस का कहना है कि नगर निगम को सस्ती लोकप्रियता छोड़कर जनता की बुनियादी समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।

विशेष समुदाय है कांग्रेस का राजनीतिक मुद्दा-मनवीर चौहान


वहीं भाजपा की ओर से प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जब भी सरकार सनातन से जुड़ा कोई कार्य करती है, कांग्रेस को पेट दर्द होने लगता है। चौहान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को विशेष समुदाय के नाम पर राजनीति करना पसंद है, जबकि भाजपा देश के लिए योगदान देने वाले महापुरुषों के नाम पर सड़कों, संस्थानों और चौकों का नाम रखेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार कांग्रेस की तरह देश के गद्दारों के नाम नहीं रखेगी और विकास व सांस्कृतिक पहचान के साथ आगे बढ़ेगी।