Headlines

उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय: देहरादून और उत्तरकाशी में भारी बारिश की चेतावनी, 11 जिलों में ओलावृष्टि का यलो अलर्ट

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदल गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार को प्रदेश के 11 जिलों में गरज-चमक, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान देहरादून और उत्तरकाशी जिलों में तीव्र वर्षा की संभावना जताई गई है, जिससे मैदानी और पर्वतीय इलाकों के तापमान पर असर पड़ेगा।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार को देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, अल्मोड़ा, हरिद्वार, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में ओलावृष्टि और बिजली चमकने की आशंका है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम में आ रहा यह बदलाव शुक्रवार को भी बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शुक्रवार को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में आकाशीय बिजली चमकने के साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।

फिलहाल प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ था। मैदानी क्षेत्रों में दिन के समय खिल रही तेज धूप के कारण तपिश बढ़ रही है, हालांकि सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंडक का अहसास हो रहा है। वहीं पर्वतीय जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले दो दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि का दौर देखने को मिल सकता है। बारिश और तेज हवाओं के चलने से दिन के तापमान में गिरावट आएगी, जिससे मैदानी इलाकों में लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।