Headlines

देहरादून: संविधान दिवस पर सीएम धामी ने अभियोजन विभाग को दी 25 लाख की राशि, 12 विभूतियों का सम्मान

खबर शेयर करें -

देहरादून। देहरादून की पुलिस लाइन में आज संविधान एवं विधि दिवस के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिस्सा लिया और अभियोजन विभाग के लिए तीन घोषणाएं कीं। उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर व संविधान सभा के सदस्यों को याद करते हुए कहा कि संविधान दिवस हमें आदर्शों को व्यवहार में उतारने की प्रेरणा देता है, जिसका असर न्याय व प्रशासनिक कार्यशैली पर पड़ेगा।

सीएम धामी ने नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण व जागरूकता के लिए अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। साथ ही कार्यालयों के आधुनिकीकरण को कंप्यूटर व अन्य सुविधाओं के लिए अतिरिक्त राशि और सभी जिलों में बुनियादी सुविधाएं सुधारने का ऐलान किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कदमों से अभियोजन विभाग की कार्यक्षमता और व्यवस्था मजबूत होगी। कार्यक्रम में उन्होंने उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई और विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। समारोह में 12 विभूतियों को सम्मानित किया गया। इनमें वरिष्ठ अधिवक्ता सीताराम नागलिया, एस.सी. बिरमानी व गोविन्द राम नौटियाल, समाजसेवी कुसुम कण्डवाल, चिकित्सक डॉ. गीता खन्ना व डॉ. महेश कुड़ियाल शामिल रहे।

सम्मानित होने वालों में समाजसेवी एवं शिक्षाविद् ललित जोशी और सेवानिवृत्त अभियोजक राम सिंह शर्मा, मनोहर लाल सडाना, सुभाष चन्द्र गुप्ता, त्रेपन सिंह बिष्ट व सुन्दर सिंह गुसाईं भी थे। सीएम ने ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ व ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ का विमोचन भी किया।

सीएम धामी ने कहा कि विदुर नीति के अनुसार व्यवस्था की प्रतिष्ठा सत्य, न्याय और निष्पक्षता से बनी रहती है। उन्होंने कहा कि अभियोजन सेवा न्याय व्यवस्था का अहम स्तंभ है और साक्ष्यों के परीक्षण व मजबूत पैरवी से लोगों का भरोसा बढ़ता है। उन्होंने 26 नवंबर 1949 को संविधान अंगीकृत होने के दिन का उल्लेख करते हुए विधि दिवस व संविधान दिवस की पृष्ठभूमि भी बताई। सीएम ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू होना बड़ा न्यायिक सुधार है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नए न्यायालय भवनों, आधुनिकीकरण, ई-फाइलिंग, डिजिटल न्यायालयों और वर्चुअल सुनवाई के विस्तार से पर्वतीय क्षेत्रों तक न्याय की पहुंच आसान हो रही है। युवा व महिला अधिवक्ताओं के लिए अनुकूल माहौल पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि कानून का पालन बिना भेदभाव होना चाहिए और उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी, क्योंकि जीरो टॉलरेंस सरकार का संकल्प है। कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली, कुसुम कण्डवाल, गृह सचिव शैलेश बगौली व निदेशक अभियोजन ए.पी. अंशुमान मौजूद रहे।