उत्तराखंड शिक्षा विभाग का आदेश: तय पैटर्न पर ही होंगी स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। शिक्षा विभाग के नए फैसले के अनुसार, प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों में 27 मई से गर्मियों की छुट्टियां अधिकारिक तौर पर शुरू होने जा रही हैं। इससे पहले शिक्षा विभाग की तरफ से इन छुट्टियों को 31 मई से लागू करने का एक प्रस्ताव तैयार कर शासन के पास भेजा गया था, लेकिन शासन स्तर पर इस प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिल सकी।

इसके बाद अब पुरानी व्यवस्था के तहत ही 27 मई से अवकाश घोषित कर दिया गया है। स्कूल के निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने इस बात की पुष्टि करते हुए साफ किया है कि फिलहाल दीर्घकालीन अवकाश के तय पैटर्न में पूर्व की भांति कोई भी बदलाव नहीं किया गया है और सब कुछ पहले की तरह ही यथावत रहेगा।

छुट्टियां शुरू होने के बावजूद बच्चों की रचनात्मकता और सीखने की प्रक्रिया को जारी रखने के लिए स्कूलों में एक विशेष पहल की जा रही है। छुट्टियों के शुरुआती दौर में स्कूलों में एक हफ्ते तक समर कैंप का आयोजन किया जाएगा। हालांकि, इस दौरान भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए बच्चों की सहूलियत का पूरा ख्याल रखा गया है।यह समर कैंप पूरे दिन न चलकर रोजाना सुबह के समय केवल दो घंटे के लिए ही संचालित किया जाएगा, ताकि छात्र चिलचिलाती धूप और गर्मी की तपिश से बच सकें और खेल-खेल में नई चीजें भी सीख सकें।