प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के 12 साल पूर्ण, CM धामी ने दी बधाई

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केंद्र में लगातार 12 वर्ष का ऐतिहासिक कार्यकाल पूरा करने पर उन्हें और समस्त देशवासियों को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। अपने विशेष संदेश में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में आज एक सशक्त, सक्षम और स्वाभिमानी भारत का सपना धरातल पर सच हो रहा है और देश आज तीव्र विकास की राह पर अग्रसर है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि आज सभी देशवासी ‘विकसित भारत’ के अमृतकाल में प्रवेश कर चुके हैं, इसलिए उत्तराखंड के प्रत्येक नागरिक का यह परम दायित्व है कि वह इस ऐतिहासिक परिवर्तन यात्रा का सक्रिय सहभागी बने।

पीएम आवास योजना के तहत चार करोड़ पक्के घर 81 करोड़ लोगों को हर माह मुफ्त राशन, 60 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत के तहत निशुल्क उपचार और 40 लाख करोड़ रुपये का गारंटी मुक्त मुद्रा ऋण जैसी योजनाएं प्रधानमंत्री मोदी के अंत्योदय के संकल्प को साबित करती हैं, जहां समाज के हर वर्ग के विकास के लिए निरंतर काम हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के विशेष लगाव के चलते आज उत्तराखंड का स्वर्णिम कायाकल्प हो रहा है और राज्य में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है। केंद्र सरकार के सहयोग से ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना जल्द पूरी होने को है, जबकि टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन परियोजना को भी मंजूरी मिल चुकी है।

राज्य में हवाई सेवाओं को सुदृढ़ करते हुए जौलीग्रांट, पंतनगर और पिथौरागढ़ एयरपोर्ट का विस्तार किया जा चुका है और उड़ान योजना के तहत प्रदेश में 18 नए हेलीपोर्ट विकसित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही, पर्वतमाला परियोजना के माध्यम से राज्य के दूरदराज क्षेत्रों में रोपवे नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है।

बुनियादी ढांचे को मजबूती देने वाली चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है, वहीं ₹13,000 करोड़ की लागत से निर्मित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे ने दोनों शहरों के बीच की दूरी और यात्रा के समय को बेहद कम कर दिया है।

वर्तमान में सितारगंज-टनकपुर, पोंटा साहिब-देहरादून, भानियावाला-ऋषिकेश, काठगोदाम-लालकुआं-हल्द्वानी बाईपास और रुद्रपुर बाईपास जैसी अत्यंत महत्वपूर्ण सड़कों पर भी तेजी से काम जारी है, जिससे उत्तराखंड में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं।