उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भीषण गर्मी का प्रकोप शुरू हो गया है, जहाँ बुधवार को मोहकमपुर में अधिकतम तापमान 40.6°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 5°C अधिक है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले सात दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं, और बृहस्पतिवार को पारा 41°C या उससे पार जा सकता है।
इसके साथ ही देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल और उत्तरकाशी के सीमावर्ती इलाकों में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है, जिसके चलते देहरादून प्रशासन ने आपदा परिचालन केंद्र को 24 घंटे सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। दूसरी तरफ, मैदानों में तपिश के बीच उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और चमोली में बेहद हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि बाकी जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा।
उत्तराखंड में मौसम के सामान्य से अधिक तापमान के पूर्वानुमान को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से सभी जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिसके तहत राज्य के सभी जिला व उप जिला अस्पतालों में लू से बीमार मरीजों के इलाज के लिए विशेष वेंटिलेशन, कूलिंग सिस्टम, आइस पैक और ठंडे इंट्रावेनस फ्लूइड से लैस अलग कक्ष स्थापित करना अनिवार्य कर दिया गया है।
इसके साथ ही, ओआरएस और इलेक्ट्रोलिट्स जैसी जरूरी दवाओं की 100% उपलब्धता सुनिश्चित करने और ‘आईएचआईआईपी’ प्लेटफॉर्म पर लू से जुड़े मामलों व संदिग्ध मौतों की रोजाना अनिवार्य रिपोर्टिंग करने को कहा गया है। विभाग ने बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बाहरी श्रमिकों को सबसे अधिक जोखिम वाले संवेदनशील वर्ग में रखते हुए विशेष जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं, साथ ही आम जनता को दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप से बचने, हल्के सूती कपड़े पहनने और बड़े आयोजनों में ओआरएस व चिकित्सा टीमें तैनात रखने की सलाह दी है।
