चंपावत जिले के पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लोहाघाट के पास घाट पुल के समीप रविवार देर रात एक कार अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो युवक घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। कार संख्या UK 03-3999 लोहाघाट से पिथौरागढ़ की ओर जा रही थी, जब घाट पुल से पहले यह अनियंत्रित हो गई। सूचना मिलते ही बाराकोट चौकी, लोहाघाट थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और वाहन से फंसे दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घायलों में युवराज ओली (18 वर्ष, पुत्र राजकिशोर ओली, सुई गंगा निवासी) को गंभीर चोटें आईं, जबकि दीपेश खर्कवाल (18 वर्ष, पुत्र गिरीश खर्कवाल, पिथौरागढ़ निवासी) को मामूली चोटें लगीं। 108 एम्बुलेंस से दोनों को उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉ. मानसी और डॉ. रविंद्र बोरा ने प्राथमिक उपचार किया। दीपेश का इलाज जिला अस्पताल में जारी है, लेकिन सिर में गंभीर चोट के कारण युवराज को चंपावत रेफर कर दिया गया। वहां से एयर लिफ्ट कर एम्स भेजा गया है। पहाड़ी इलाकों में संकरे रास्तों पर गाड़ी चलाते समय सावधानी बरतने की जरूरत है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। यह घटना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही है।
