Headlines

‘अब दबंगों का डर नहीं’: सीएम धामी के आश्वासन से चकराता की बेटी का बढ़ा हौसला, SSP से की मुलाकात

खबर शेयर करें -

चकराता के कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह और उनके परिजनों से जुड़े वायरल ऑडियो मामले में बड़ी खबर सामने आ रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शनिवार को पीड़िता दीक्षा से फोन पर बात करने और सुरक्षा का आश्वासन देने के बाद पीड़िता ने एसएसपी देहरादून से मुलाकात की है। पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों को आपबीती बताते हुए मामले में त्वरित कानूनी कार्रवाई और सख्त रुख अपनाने का आग्रह किया है।

मुख्यमंत्री धामी के फोन के बाद पीड़ित बालिका दीक्षा के तेवर बुलंद दिखाई दिए। उसने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के आश्वासन ने उसके पूरे परिवार को संबल दिया है। दीक्षा ने स्पष्ट कहा कि राज्य में कानून का इकबाल बुलंद है और अब दबंगों का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है। पुलिस प्रशासन ने भी मामले में निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाते हुए पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।

इसके साथ ही पीड़िता दीक्षा ने चकराता विधायक प्रीतम सिंह और कांग्रेस पार्टी की ‘न्याय यात्रा’ पर तीखे प्रहार किए। उसने कांग्रेस की न्याय यात्रा की तुलना ‘हाथी के दिखाने वाले दांतों’ से करते हुए कहा कि जो पार्टी सड़कों पर महिलाओं के हक की लड़ाई का नाटक कर रही है, उसी के विधायक के भाई अपने क्षेत्र में बेटियों को धमका रहे हैं। दीक्षा ने तीखा सवाल पूछते हुए कहा कि इस दोहरे रवैये पर कांग्रेस नेतृत्व को जवाब देना चाहिए।

पीड़िता ने अपने साथ खड़े हुए सभी स्थानीय नागरिकों और क्षेत्रवासियों के प्रति भी आभार प्रकट किया। उसने कहा कि समाज और सरकार के एक साथ आने से अपराधियों और दबंगई करने वालों को कड़ा संदेश गया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद से उन्हें लगातार प्रताड़ित करने और धमकाने का प्रयास किया जा रहा था।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए देहरादून पुलिस अब एक्शन मोड में आ गई है। एसएसपी से मुलाकात के बाद पुलिस टीम वायरल ऑडियो की सत्यता जांचने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की तैयारी में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

यह पूरा घटनाक्रम उत्तराखंड की राजनीति में गरमा गया है। एक तरफ जहां सरकार इसे बेटियों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के रूप में पेश कर रही है, वहीं विपक्ष इस मुद्दे पर घिरता हुआ नजर आ रहा है। मामले में आने वाले दिनों में पुलिस जांच के बाद बड़ी कानूनी कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।