Headlines

कांग्रेस के ‘महिला सम्मान’ के नारों पर उठे सवाल, दो बेटियों को पार्टी में शामिल कराने के दबाव का ऑडियो वायरल

खबर शेयर करें -

देहरादून। देहरादून जनपद के चकराता क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कथित ऑडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक दबाव और अभद्रता के आरोप लग रहे हैं। वायरल रिकॉर्डिंग में कथित तौर पर चकराता निवासी बालक राम नामक व्यक्ति को उनकी दो बेटियों को कांग्रेस पार्टी में शामिल कराने के लिए कहा जा रहा है, और विरोध करने पर उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा है।

स्थानीय स्तर पर दावा किया जा रहा है कि फोन पर अभद्रता करने वाला व्यक्ति वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह का भाई चमन सिंह है। हालांकि, संस्थान इस ऑडियो टेप की प्रामाणिकता और इसमें मौजूद आवाजों के सत्यापन का कोई दावा नहीं करता है।

घटना सामने आने के बाद राजनीतिक विश्लेषक और आम नागरिक इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर चोट के रूप में देख रहे हैं। किसी भी नागरिक या उसकी बेटियों को उनकी इच्छा के विरुद्ध किसी राजनीतिक विचारधारा से जोड़ना पूरी तरह से अनुचित और अमर्यादित है।

सार्वजनिक जीवन में महिलाओं को बराबरी का दर्जा देने और उनकी सुरक्षा की बात करने वाले राजनीतिक दलों से जनता मर्यादा की उम्मीद रखती है। यदि किसी परिवार को केवल इसलिए निशाना बनाया जाता है कि वे किसी विशेष दल में शामिल नहीं होना चाहते, तो यह बेहद गंभीर विषय है।

इस पूरे प्रकरण में अब सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि क्या कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व इस वायरल ऑडियो का संज्ञान लेकर कोई आंतरिक जांच कराएगा। साथ ही, क्या कथित तौर पर प्रभावित परिवार और संबंधित व्यक्ति इस पूरे मामले में सार्वजनिक रूप से अपना पक्ष रखेंगे।