Headlines

मुख्यमंत्री धामी ने किया सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का शुभारंभ, कई घोषणाएं

खबर शेयर करें -

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बागेश्वर के मंडलसेरा स्थित विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के तत्वावधान में आयोजित पंचम सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। दो दिवसीय इस प्रतिष्ठित महोत्सव में चमोली, चंपावत, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ के कुल 240 चयनित बाल वैज्ञानिक उत्साह के साथ प्रतिभाग कर रहे हैं।

शोध और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने सीमांत जनपद विज्ञान महोत्सव व संबंधित कार्यक्रमों के वास्ते एक करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने की बड़ी घोषणा की। उन्होंने राज्य की STEM लैब्स को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जोड़ने तथा सभी विकासखंडों में एक-एक ‘लैब ऑन व्हील्स’ स्थापित करने की दिशा में तेजी से काम किए जाने का ऐलान किया।

इसके साथ ही प्रदेश के सभी जनपदों में आधुनिक विज्ञान एवं नवाचार केंद्र स्थापित किए जाने की भी घोषणा की गई है।विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विद्यालयों में तकनीक आधारित शिक्षा को प्रोत्साहित कर रही है। एआई, रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक को बढ़ावा देकर विद्यार्थियों को भविष्य की हर चुनौती और संभावना के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बाल वैज्ञानिकों से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं के समाधान किए और उन्हें नए विचारों पर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत और पर्वतीय क्षेत्रों में आयोजित होने वाले ऐसे विज्ञान महोत्सव छात्रों की प्रतिभा को निखारने का बेहतरीन मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही, वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने में युवा पीढ़ी की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के समावेश पर विशेष बल दिया गया, जिसमें रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक को शिक्षा से जोड़ने की बात कही गई। विज्ञान के माध्यम से सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता और स्मार्ट कृषि को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि देहरादून में ‘साइंस सिटी’ और चंपावत में ‘साइंस सेंटर’ विकसित किए जा रहे हैं।सरकार स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के जरिए निरंतर प्रयास कर रही है।

इसके अलावा कृषि, बागवानी, मत्स्य पालन, मौन पालन और होमस्टे जैसे क्षेत्रों में स्वरोजगार की असीम संभावनाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है। महोत्सव में विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक कविता हरकोटिया, दीप चंद जोशी, हरिमोहन ऐठाणी और ख्याली दत्त को सम्मानित किया गया।

इस गरिमामयी कार्यक्रम में कपकोट विधायक सुरेश गड़िया, बागेश्वर विधायक श्रीमती पार्वती दास, राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट, यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, जिलाधिकारी श्रीमती अपूर्वा पाण्डे, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा और प्रधानाचार्य अव्वल सिंह तोपाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।