देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के लिए समर्पित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश की घोषणा भी की, जिसका सीधा लाभ राज्य के युवाओं और यहां आने वाले पर्यटकों को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘तेजस’ के आने से देहरादून चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा और पर्यटकों को वन्यजीवों को देखने का नया अनुभव मिलेगा। उन्होंने बताया कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है, जहां हर साल करीब 8.50 लाख पर्यटक आते हैं और सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है।
मुख्यमंत्री धामी ने उम्मीद जताई कि सफेद बाघ के आगमन से पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी होगी। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में इस तरह का सफेद बाघ पहली बार लाया गया है, जबकि इससे पहले भी चिड़ियाघर में अन्य प्रजाति के दो बाघ लाए गए थे जिनसे पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर केवल पर्यटन का केंद्र नहीं है, बल्कि वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, वनों की जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का मौका मिलता है।
उन्होंने कहा कि पहले बच्चों के लिए चिड़ियाघर में निःशुल्क भ्रमण की व्यवस्था की गई थी, जिसके सकारात्मक नतीजे सामने आए हैं। इस पहल से बच्चों को वन्यजीवों के बारे में जानकारी लेने तथा प्रकृति और पर्यावरण के साथ उनके संबंध को समझने का अवसर मिला है।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेजों में पढ़ रहे विद्यार्थियों को भी निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण के विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक ज्ञान मिलेगा और युवाओं में जागरूकता बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से बेहद संवेदनशील राज्य है और प्रदेश को हर साल प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना जरूरी है, जिसके लिए राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश के सर्वाधिक वन क्षेत्र वाले प्रमुख राज्यों में शामिल है और राज्य की वन संपदा व जैव विविधता हमारी महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाने में देहरादून चिड़ियाघर जैसे केंद्र अहम भूमिका निभा रहे हैं। मालसी चिड़ियाघर में आयोजित इस कार्यक्रम में वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आर. के. सुधांशु और प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


