देहरादून। राजधानी देहरादून में मैत्रिमोनियल साइट के जरिए एक युवती से 30 लाख रुपये से अधिक की बड़ी ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खुद को स्वास्थ्य निदेशालय में ड्रग इंस्पेक्टर बताने वाले एक जालसाज ने नर्सिंग स्टाफ में कार्यरत युवती को शादी और सरकारी नौकरी का झांसा देकर कंगाल बना दिया। पीड़िता की शिकायत पर नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विकासनगर के होरावाला की मूल निवासी पीड़िता वर्तमान में जोगीवाला में रहती है और कैलाश अस्पताल में बतौर नर्सिंग स्टाफ कार्यरत है। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 25 जून को ‘शादी डॉट कॉम’ पर चारूचन्द्र जोशी नाम के व्यक्ति की रिक्वेस्ट आई थी। आरोपी ने खुद को हल्द्वानी का मूल निवासी और वर्तमान में देहरादून आईटी पार्क में रहते हुए स्वास्थ्य निदेशालय में ड्रग इंस्पेक्टर पद पर तैनात बताया था।
आरोपी ने खुद को रसूखदार दिखाने के लिए अपनी बहन को एसबीआई पटेलनगर में शाखा प्रबंधक बताया। इसके बाद जब 2 जुलाई को नर्सिंग परीक्षा की तिथि घोषित हुई, तो उसने स्वास्थ्य महानिदेशक और उच्च अधिकारियों से अपनी पहचान का दावा किया। आरोपी ने पीड़िता को 32 लाख रुपये में परीक्षा में चयन पक्का कराने का झांसा दिया।
ठग के झांसे में आकर पीड़िता ने 3 जुलाई से 1 अगस्त के बीच आरोपी द्वारा भेजे गए विभिन्न क्यूआर कोड पर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर किए। इसके लिए युवती ने अपने दोस्तों से भी रुपये उधार लिए थे। इतना ही नहीं, शादी के लिए रखे अपने सोने के जेवर गिरवी रखकर 15 लाख रुपये नकद भी आरोपी को सौंप दिए।
कुल 30 लाख रुपये से अधिक की रकम वसूलने के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल नंबर बंद कर दिया और संपर्क तोड़ लिया। ठगी का अहसास होने के बाद से पीड़िता गहरे अवसाद में है। मामले में नेहरू कॉलोनी थाने के एसओ मनोज नौटियाल ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी जालसाज की तलाश शुरू कर दी गई है।
