Headlines

असम CM हिमंत बिस्वा सरमा ने जेनी को दिया समर्थन; बढ़ेगीं हरक सिंह रावत की मुश्किलें, DNA टेस्ट की मांग तेज

खबर शेयर करें -

असम। असम की रहने वाली जेनी उर्फ इंदिरा देवरी और उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के बीच वर्षों पुराना विवाद अब एक बड़े सियासी और कानूनी मोड़ पर आ चुका है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के जेनी से मिलने और खुले तौर पर उनका समर्थन करने के बाद इस मामले की गूंज अब असम से लेकर उत्तराखंड की गलियों तक सुनाई दे रही है।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बीते दिन जेनी से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। मुख्यमंत्री ने लिखा कि जेनी के साथ हरक सिंह रावत द्वारा किया गया व्यवहार अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि पीड़िता के साथ जो कुछ भी हुआ, वह किसी भी व्यक्ति के साथ नहीं होना चाहिए। सरमा ने स्पष्ट किया कि न्याय पाने की इस कठिन यात्रा में असम सरकार और वह खुद जेनी के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं।

यह पूरा घटनाक्रम तब शुरू हुआ जब जेनी ने देहरादून पहुंचकर पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत के खिलाफ दोबारा मोर्चा खोला। जेनी ने साल 2004 की घटनाओं की परतें खोलते हुए हरक सिंह रावत पर यौन उत्पीड़न और उससे एक बच्चे के जन्म का गंभीर दावा किया था। अपनी बात की सच्चाई साबित करने के लिए उन्होंने सरकार से बच्चे का डीएनए टेस्ट करवाने और पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराने की मांग की थी। जेनी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी न्याय की गुहार लगाई है।

दूसरी तरफ, हरक सिंह रावत की ओर से इन सभी दावों पर अपनी सफाई दी गई है, लेकिन दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों से विवाद सुलझने की जगह उलझता जा रहा है। अब असम के मुख्यमंत्री के मैदान में उतरने से उत्तराखंड की राजनीति गरमा गई है। 2027 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उठे इस मुद्दे के बाद अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि उत्तराखंड प्रशासन जेनी की सीबीआई जांच और डीएनए टेस्ट की मांग पर क्या निर्णय लेता है।