Headlines

उत्तराखंड स्थापना दिवस पर सीएम धामी का बड़ा ऐलान, बोले- विकास का असर हर नागरिक के जीवन में दिखना चाहिए

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर गढ़ी कैंट स्थित गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज में आयोजित मुख्य समारोह में सूचना विभाग की विकास पुस्तिका-2026 ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान’ का विमोचन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह दस्तावेज सरकार के पिछले कार्यों का हिसाब देने के साथ भविष्य की बड़ी जिम्मेदारियों का भी अहसास कराता है।

समारोह की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलन के अमर बलिदानियों को नमन किया। उन्होंने याद दिलाया कि अलग राज्य का यह सफर जनता के लंबे संघर्ष और मातृशक्ति के विशेष योगदान का परिणाम है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य को समृद्ध बनाने का काम लगातार तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विकास का वास्तविक अर्थ सिर्फ कागजी आंकड़ों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसका सीधा असर आम आदमी के जीवन पर दिखना चाहिए। सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं गांवों तक पहुंचने से पलायन जैसी गंभीर समस्या का स्वतः समाधान होता है और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलते हैं।

प्रदेश में चल रहे बड़े बुनियादी ढांचा प्रोजेक्ट्स पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि चारधाम ऑल वेदर रोड, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना राज्य की तकदीर बदल रही हैं। इसके अलावा हवाई व हेली सेवाओं के विस्तार से दूरदराज के इलाके भी अब मुख्यधारा से जुड़ चुके हैं, जिससे पर्यटन और व्यापार को बड़ा प्रोत्साहन मिला है।

स्वास्थ्य और शिक्षा के मोर्चे पर सरकार की प्राथमिकताओं को गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के विस्तार के साथ-साथ किच्छा में बनने जा रहा एम्स का सैटेलाइट सेंटर स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करेगा। विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

राज्य की आर्थिक तरक्की का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के अनुमानों के अनुसार प्रदेश की अर्थव्यवस्था का आकार लगभग 3.82 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि 2026-27 का कुल बजट 1.11 लाख करोड़ रुपये से अधिक का है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के जरिए आए निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारा जा रहा है ताकि इसका लाभ किसानों और युवाओं तक पहुंचे।

पर्यटन और खेल के क्षेत्र में उत्तराखंड ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाई है। जी-20 बैठकों के सफल आयोजन और 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी ने प्रदेश की क्षमता को साबित किया है। मानसखंड मंदिर माला मिशन और शीतकालीन यात्रा के जरिए ग्रामीण पर्यटन और होमस्टे को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे रिवर्स पलायन दर में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

कानून व्यवस्था और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने के साथ-साथ सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और प्रभावी भू-कानून जैसे कड़े कदम उठाए गए हैं। यह सभी निर्णय यहां के मूल स्वरूप और नागरिकों के हितों को सुरक्षित रखने के लिए लिए गए हैं।

समारोह के अंत में मुख्यमंत्री ने ‘अभी बहुत आगे हमें जाना है’ कविता की पंक्तियों के साथ आंदोलनकारियों के सपनों का एक विकसित उत्तराखंड बनाने का अपना संकल्प दोहराया। इस दौरान सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुभकामना संदेश का वाचन किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री, विधायक, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।