देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास में भारत स्काउट एवं गाइड के स्थापना दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संस्था के उत्तराखंड एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें संस्था का पारंपरिक स्कार्फ पहनाकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत स्काउट एवं गाइड के स्थापना दिवस पर संस्था से जुड़े सभी पदाधिकारियों, स्काउट्स और गाइड्स को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवाओं के भीतर अनुशासन, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में इस संस्था की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने संस्था के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि आपदा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के क्षेत्रों में उनके प्रयास अनुकरणीय हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों को समाज सेवा के कार्यों में पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया।
इस विशेष अवसर पर संस्था के प्रादेशिक सचिव रविन्द्र मोहन काला ने मुख्यमंत्री को संस्था की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 7 नवंबर 1950 को भारत स्काउट एवं गाइड का गठन किया गया था और तब से यह संस्था लगातार राष्ट्र निर्माण में जुटी है।
प्रादेशिक सचिव ने राज्य में संचालित हो रहे नवाचारी कार्यक्रमों का भी ब्यौरा रखा। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में ‘हैम रेडियो पायलट प्रोजेक्ट’ और ‘युवा आपदा मित्र कार्यक्रम’ के तहत स्वयंसेवकों को विशेष आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर अपर प्रादेशिक मुख्य आयुक्त वंदना गर्ब्याल, प्रादेशिक वित्त समिति के सदस्य जे.पी. काला और प्रादेशिक संगठन आयुक्त अंजलि चन्दोला ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
प्रतिनिधिमंडल में प्रशासनिक अधिकारी अरुण राय, सहायक प्रादेशिक प्रशिक्षण आयुक्त राहुल प्रसाद रतूड़ी के साथ-साथ गाइड योजना और इशा ठाकुर भी शामिल रहीं। सभी ने मुख्यमंत्री को संस्था की भावी योजनाओं के बारे में अवगत कराया।


