Headlines

नेता पुत्र और नशे के सौदागर के बीच लाखों का लेन-देन? शाहरुख के नेटवर्क से राजनीतिक गलियारों में मचा हड़कंप

खबर शेयर करें -

प्रदेश में नशा मुक्त अभियान के बीच सामने आई खबर ने प्रशासनिक दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चर्चा है कि नशे का काला कारोबार चलाने वाला नेटवर्क दूसरे राज्य के रहने वाले शाहरुख उर्फ शिवम गुप्ता उर्फ साहिल द्वारा संचालित किया जा रहा है। ड्रग्स के इस जाल में रसूखदार परिवारों और नेताओं के करीबियों का नाम उछलने से मामला बेहद संवेदनशील हो गया है।

इस मामले में सबसे चौंकाने वाला तथ्य एक संदिग्ध वित्तीय लेनदेन का है। सूत्रों के अनुसार, एक प्रभावशाली नेता के बेटे के जरिए शाहरुख तक लाखों रुपये पहुंचाए जाने की चर्चा है। इस भारी भरकम रकम के आदान-प्रदान का मकसद क्या था, यह अभी स्पष्ट नहीं है। जानकारों का कहना है कि बैंकिंग रिकॉर्ड और वित्तीय खातों की गहराई से जांच के बाद ही सच सामने आ सकेगा कि यह लेनदेन व्यापारिक था या कुछ और।

इसके अलावा, शाहरुख का पिछला ट्रैक रिकॉर्ड भी बेहद संदिग्ध रहा है। 2020-21 के दौरान वह अवैध गतिविधियों के चलते जेल जा चुका है। एक बार जेल जाने के बाद भी यदि उसका नेटवर्क दोबारा पांव पसार रहा है, तो यह जांच का विषय है कि उसे किस तंत्र या व्यक्ति से मजबूती मिल रही है।

प्रशासनिक और कानूनी व्यवस्था पर सवाल तब और बढ़ जाते हैं जब इस नेटवर्क में पूर्व में जेल जा चुके अन्य संदिग्धों की संलिप्तता की बातें सामने आती हैं। नेता के इर्द-गिर्द रहने वाला एक व्यक्ति, जो पहले महिला से छेड़छाड़ के मामले में जेल की हवा खा चुका है, वह शाहरुख के संपर्क वाले एक मोबाइल कारोबारी से जुड़ा हुआ है।

नशे के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की बात करने वाली पुलिस और जांच एजेंसियों के लिए यह मामला एक बड़ी परीक्षा है। क्या यह जांच केवल निचले स्तर के तस्करों तक सीमित रहेगी या फिर नेता पुत्र, बैंकिंग लेनदेन और राजनीतिक संरक्षण देने वाले रसूखदार चेहरों तक भी पहुंचेगी? इस पूरे घटनाक्रम का सच निष्पक्ष पड़ताल के बाद ही सामने आ पाएगा।