Headlines

‘जब तक भारत विकसित नहीं बन जाता, पीएम मोदी कहीं नहीं जाने वाले’:सीएम धामी का बड़ा बयान

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। सीएम धामी ने कांग्रेस की ‘न्याय यात्रा’ पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को जनता के बीच न्याय यात्रा निकालने के बजाय अपने शासनकाल के कारनामों के लिए ‘प्रायश्चित यात्रा’ निकालनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस न्याय यात्रा के नाम पर प्रदेश की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि कांग्रेस के शासनकाल में हुए भ्रष्टाचार, महिला अपराध और अव्यवस्थाओं का हिसाब जनता आज भी मांग रही है।

सीएम धामी ने राहुल गांधी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा सनातन धर्म, देश की सांस्कृतिक परंपराओं और भारतीय सेना के शौर्य पर सवाल उठाने का काम किया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक राहुल गांधी की राजनीति का इकलौता मकसद केवल विकास कार्यों का विरोध करना रह गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व के संदर्भित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत तेजी से विकास और आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक देश पूरी तरह से विकसित भारत नहीं बन जाता, तब तक पीएम मोदी कहीं नहीं जाने वाले हैं।

मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के प्रति की गई टिप्पणियों पर भी कड़ा एतराज जताया। सीएम धामी ने कहा कि देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले महान व्यक्तित्वों के प्रति इस तरह की अनुचित भाषा का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं किया जाना चाहिए।

संबोधन के दौरान सीएम ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में सीमा पर डटे रहने वाले देश के वीर जवानों के शौर्य पर सवाल उठाकर कांग्रेस ने हमेशा सेना का अपमान किया है। सत्ता से बाहर रहने के बावजूद कांग्रेस एक जिम्मेदार और सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।