उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा के दन्या स्थित रामलीला मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तराखंड के तीव्र विकास का संकल्प दोहराया। इस खास अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात देते हुए राजकीय महाविद्यालय दन्या में ₹4.96 करोड़ की लागत से नवनिर्मित भवन का भव्य लोकार्पण किया।
इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, जिनमें शहीद बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर अल्मोड़ा में एक भव्य स्मारक द्वार का निर्माण, चमतोला खेल मैदान का विकास, राजकीय महाविद्यालय गरुड़ाबाँज में आधुनिक मिनी स्टेडियम तथा जीआईसी गरुड़ाबाँज में चार अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का निर्माण शामिल है।
वहीं क्षेत्र की धार्मिक और सामाजिक आस्था को सम्मान देते हुए उन्होंने प्रेम मंदिर व राधा कृष्ण मंदिर स्थल के सौंदर्यीकरण, खेती जटेश्वर मोटर मार्ग के कचौरी से कलूटा पोलिंग बूथ तक नई सड़क के निर्माण और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चगेठी के उच्चीकरण का भी ऐलान किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज देश विकास और समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है, जिससे प्रेरणा लेकर उत्तराखंड भी प्रगति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने राज्य की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि उत्तराखंड को वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
केदारखंड और मानसखंड सर्किट में पर्यटन गतिविधियों में हो रही रिकॉर्ड वृद्धि से स्थानीय रोजगार बढ़ रहा है। ऐतिहासिक श्री जागेश्वर धाम के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए ‘जागेश्वर मास्टर प्लान‘ के तहत वहां आधुनिक सुविधाओं और पार्किंग क्षमता का विस्तार किया जा रहा है। राज्य में शीतकालीन, आयुर्वेद और योग पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन फेस्टिवल’ नीति के जरिए स्थानीय मेलों को नई पहचान दी जा रही है।
इस दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा ने भी केंद्र व राज्य के प्रयासों की सराहना की। जनसभा के बाद मुख्यमंत्री ने दन्या निवासी श्री पवन पंत के आवास पर पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा श्रवण किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान विधायक मोहन सिंह महरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा सहित भारी संख्या में जनप्रितिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
