उत्तराखंड के लक्सर क्षेत्र स्थित खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के खिलाफ पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला बालावाली क्षेत्र का है, जहां दो दिन पहले अपने बहनोई संजीव के साथ घर लौट रहे शांतशाह निवासी जोगेंद्र कुमार ने पूर्व विधायक और उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़ित जोगेंद्र कुमार का कहना है कि रास्ते में उन्होंने चैंपियन के समर्थकों की कार पर हाथ मारकर आगे निकलने का प्रयास किया था, जिससे विवाद उत्पन्न हो गया। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर पूर्व विधायक चैंपियन की ओर से पीड़ित के साथ सरेआम गाली-गलौज की गई, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित किया गया और साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।
इस घटना के बाद पीड़ित जोगेंद्र कुमार ने कोतवाली पुलिस में लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने पूर्व विधायक चैंपियन के खिलाफ SC-ST एक्ट, गाली-गलौज और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
वहीं दूसरी तरफ, मामले में नया मोड़ तब आया जब लंढौरा निवासी चैंपियन के साथी मयंक चौधरी की ओर से भी जोगेंद्र के बहनोई संजीव और उनके चार अन्य साथियों के खिलाफ गाली-गलौज व अन्य संबंधित धाराओं में क्रॉस केस दर्ज कराया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों को संज्ञान में लेकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
