Headlines

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव: 3-3 नामों के पैनल और मल्टी-लेवल सर्वे से तय होंगे कांग्रेस के उम्मीदवार

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस पार्टी ने प्रत्याशी चयन की कवायद तेज कर दी है। पार्टी में टिकट बंटवारे का मुख्य आधार इंटरनल सर्वे रिपोर्ट को बनाया जाएगा। कांग्रेस में सर्वे का पहला चरण जल्द पूरा होने वाला है, जिसके बाद दो से तीन चरण का सर्वे और कराया जाएगा। इस फैसले से दावेदारों और राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रत्येक सीटवार तीन-तीन नामों के पैनल और सर्वे रिपोर्ट को मिलाकर ही टिकट फाइनल होगा। उम्मीद है कि आगामी नवंबर माह तक सर्वे की यह पूरी प्रक्रिया संपन्न कर ली जाएगी। इस पारदर्शी व्यवस्था से चुनाव में मजबूत और जिताऊ प्रत्याशियों को मैदान में उतारने में मदद मिलेगी।

मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का कहना है कि प्रत्याशी चयन को निष्पक्ष बनाने के लिए बहुस्तरीय सर्वेक्षण आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि सर्वे और पैनल की रिपोर्ट के बाद अंतिम निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व और केंद्रीय स्क्रीनिंग कमेटी ही लेगी।

सूत्रों के अनुसार, सर्वे में हर सीट पर दो स्तरों पर दावेदारों की पहचान हो रही है। पहली श्रेणी में वे नेता हैं जो खुद टिकट का दावा ठोक कर क्षेत्र में सक्रिय हैं। दूसरी श्रेणी में उन मजबूत स्थानीय चेहरों को रखा जा रहा है जो विरोधी दलों को कड़ी टक्कर देने की क्षमता रखते हैं।

सर्वे प्रक्रिया तेज होते ही टिकट के दावेदारों ने जमीनी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रियता बढ़ा दी है। सोशल मीडिया के साथ-साथ क्षेत्रों में बैनर-पोस्टर के जरिए दावेदारी जताई जा रही है। वहीं कई नेताओं ने दिल्ली में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा समेत केंद्रीय नेताओं के चक्कर लगाने भी शुरू कर दिए हैं।

कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि टिकट तय करने के लिए तीन मुख्य मानकों पर जोर दिया जा रहा है। इसमें दावेदार की साफ-सुथरी छवि, चुनाव जीतने की क्षमता (विनेबिलिटी) और पार्टी के प्रति निष्ठा शामिल है। जो भी नेता इन तीनों कसौटियों पर खरा उतरेगा, उसी के नाम पर स्क्रीनिंग कमेटी विचार करेगी।